गोपालगंज। विधानसभा सत्र की समाप्ति होते ही सदर विधायक सुभाष सिंह ने मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी डॉक्टर अनुपस्थित मिले। साथ ही लैब में जांच के नाम पर महिला मरीज से पांच सौ रुपये मांगने की शिकायत ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया। विधायक महिला मरीज को साथ लेकर लैब पहुंचे, जहां पीड़िता ने संबंधित कर्मी की पहचान की। इस पर विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया दी और तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने सिविल सर्जन को स्पष्ट निर्देश दिया कि गायब डॉक्टर और जांच में अवैध वसूली की शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विधायक ने कहा कि सरकार गरीब और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए कटिबद्ध है, लेकिन कुछ कर्मचारियों की लापरवाही और मनमानी के कारण लोग सही इलाज से वंचित हो रहे हैं, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब हर सप्ताह वे स्वयं अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और सेवाओं की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे।
