देवरिया। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने आज 06 दिसंबर 2025 को क्षेत्राधिकारी कार्यालय रुद्रपुर एवं थाना एकौना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय एवं थाना परिसर की समग्र व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, समयबद्ध कार्रवाई और पीड़ित पक्ष की संतुष्टि पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और महत्वपूर्ण मामलों की विवेचना में लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
थाना एकौना में निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने साफ-सफाई व्यवस्था, अपराध एवं आगंतुक रजिस्टर, बीट सूचना पंजी, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, हवालात और महिला हेल्पडेस्क की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मालखाने में रखी वस्तुओं की सुरक्षित प्रविष्टि एवं संरक्षण की जांच की और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाना आवश्यक है। अपर पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था सुदृढ़ करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया।

