देवरिया। स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश और देवरिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़े व्यापारियों को फिरौती के लिए अपहरण करने की तैयारी कर रहे गैंग के तीन सदस्यों को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई 06 दिसंबर 2025 की रात लगभग 12:30 बजे सलेमपुर थाना क्षेत्र के महदहां मोड़ से डुमवलिया रोड पर की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में हिमांशु उर्फ गोविंद यादव, मंजीत यादव और नितेश यादव शामिल हैं। मुठभेड़ में एक बदमाश हिमांशु उर्फ गोविंद घायल हुआ, जिसे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
अभियुक्तों से 32 बोर की दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा व दो खोखे कारतूस, 315 बोर के दो तमंचे, चार कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में पता चला कि यह गैंग देवरिया और आसपास के जनपदों में सक्रिय था तथा बड़े व्यापारियों का अपहरण कर करोड़ों की फिरौती मांगने की योजना बना चुका था। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह गैंग सलेमपुर क्षेत्र स्थित पड़री तिवारी गांव के दो कारोबारियों का अपहरण कर पांच करोड़ रुपये की फिरौती क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से वसूल करने की तैयारी में था और अपहृत व्यक्तियों को नेपाल में छुपाने की योजना बनाई गई थी।
छापेमारी और कार्रवाई एसटीएफ फील्ड यूनिट गोरखपुर टीम के निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में तथा सलेमपुर पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम के सहयोग से की गई। हिरासत में लिए गए अभियुक्तों ने बताया कि पूरा गैंग संगठित रूप से कार्य करता था और इसके मास्टरमाइंड एवं अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है। गिरफ्तारी के बाद थाना सलेमपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

