देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपराध एवं संगठित गैंगों पर कार्रवाई के क्रम में देवरिया पुलिस, एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर, स्वाट टीम प्रथम-द्वितीय तथा सलेमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना बना रहे गैंग को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 06 दिसंबर 2025 की देर रात महदहा चौराहे से डुमवलिया रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना मिली थी कि सलेमपुर क्षेत्र के पड़री तिवारी गांव के दो व्यापारियों के अपहरण की योजना बनाई जा रही है। व्यापारी शादी समारोह से लौटते समय रास्ते में गैंग अपहरण को अंजाम देने वाला था। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने चारपहिया और बुलेट मोटरसाइकिल से पहुँचकर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश हिमांशु उर्फ गोविंद यादव घायल हो गया, जबकि उसके साथ मंजीत यादव और नितेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। कार सवार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार बदमाशों से 32 बोर की दो अवैध पिस्टल, मैगजीन, जिंदा एवं खोखे कारतूस, 315 बोर के दो तमंचे और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस जांच में पाया गया कि यह गिरोह फिरौती के लिए अपहरण करने के लिए हथियारों से लैस होकर निकला था और घटना के बाद करोड़ों की फिरौती क्रिप्टोकरेंसी के जरिए वसूलने तथा अपहृत व्यक्ति को नेपाल में छुपाने की योजना थी।
गिरफ्तार हिमांशु उर्फ गोविंद यादव के खिलाफ देवरिया, मऊ, कुशीनगर और गाजीपुर जिलों में हत्या, लूट, गैंगेस्टर और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा थाना सलेमपुर में पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

