गोपालगंज। जिले के विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के खेम मटिहनिया गांव के पास सोमवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 52 वर्षीय राजेंद्र साह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक राजेंद्र साह विश्वभरपुर गांव निवासी स्वर्गीय सूर्यबली साह के पुत्र थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र साह अपने बेटे की शादी की तैयारी के सिलसिले में सिपाया ढाला मिठाई खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर उनके सिर पर चढ़ जाने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुट गए और ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर रोक और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

