गोपालगंज। जिले की छह विधानसभा सीटों पर जीत के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे जदयू विधायक एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने भोरे में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि भोरे विधानसभा क्षेत्र में उद्योग लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके लिए बिपड़ा को जमीन उपलब्ध करा दी गई है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आईबी भोरे में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता की ओर से डिग्री कॉलेज और नए ब्लॉक की मांग की गई थी, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से भोरे विधानसभा में कई उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास को देखते हुए एनडीए को विजय दिलाई है। हालांकि एक लाख से अधिक मत प्राप्त होने के बावजूद अपेक्षित समर्थन न मिलना समीक्षा का विषय है। इसके लिए ब्लॉक से लेकर पंचायत स्तर तक समीक्षा बैठक की जाएगी और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बिहार बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी तेज है। इस बार परीक्षा सख्ती के साथ कराई जाएगी और प्रश्नपत्रों की तैयारी बोर्ड की ओर से पूरी प्रक्रिया में है।

