गोपालगंज। जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के खेम मटिहनिया गांव के पास सोमवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार 52 वर्षीय राजेंद्र साह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृतक राजेंद्र साह, विश्वभरपुर निवासी स्वर्गीय सूर्यबली साह के पुत्र थे। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र साह अपने बेटे की शादी को लेकर मेहमानों के स्वागत की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच वे मिठाई खरीदने के लिए बाइक से सिपाया ढाला जा रहे थे। तभी पीछे से एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से वे सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर मृत्यु हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और नाराज लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों और अनियंत्रित ड्राइविंग पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

