गोपालगंज। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कृषि टास्कफोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे कृषि कार्यों की प्रगति, रबी मौसम की तैयारियों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि किसानों को बीज, उर्वरक तथा कीटनाशक की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में उर्वरक भंडारण और वितरण की नियमित मॉनीटरिंग हो, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम कमी की स्थिति न बने। बैठक में फसल विविधीकरण, सिंचाई विस्तार, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मौसम आधारित सलाह और बीज वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कृषि विभाग को नई तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र एवं आधुनिक खेती पद्धतियों को लेकर किसानों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान जिले की आर्थिक रीढ़ हैं, इसलिए हर योजना में पारदर्शिता और त्वरित क्रियान्वयन होना आवश्यक है।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

