गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्या, आईसीडीएस जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य इतिहास, महत्व, कारण, प्रभाव तथा लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा करना था। बताया गया कि GBV एक वैश्विक सामाजिक समस्या है, जिसका मानसिक, सामाजिक और आर्थिक असर सीधा महिलाओं, बच्चों तथा कमजोर वर्गों पर पड़ता है। प्रतिभागियों को POSH Act, घरेलू हिंसा अधिनियम, POCSO Act, PCMA 2006 सहित कानूनी प्रावधानों, त्वरित कार्रवाई, संरक्षण सेवाओं तथा शिकायत निवारण तंत्र की जानकारी प्रदान की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पल्लवन, नारी सुरक्षा, महिला परामर्श, DHEW तथा सामुदायिक उत्थान योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बाल विवाह की रोकथाम, लैंगिक संवेदनशीलता बढ़ाने, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को बाल विवाह निषेध का शपथ दिलाया गया और समाज को लैंगिक हिंसा, बाल विवाह एवं शोषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

