देवरिया। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों एवं दिव्यांग बच्चों के शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। प्रातः 10 बजे मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बच्चों को स्नैक्स और चॉकलेट भी वितरित की गईं।
कुल 151 दिव्यांग बच्चों ने इस भ्रमण में भाग लिया, जिनमें 14 बच्चे पीएम श्री विद्यालय के शामिल थे। बच्चों को बसों से कुशीनगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों रामा भार स्तूप, माथा कुंवर मंदिर, मुख्य मंदिर, थाईलैंड मंदिर और चीनी मंदिर का अवलोकन कराया गया।
जिला समन्वयक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कुशीनगर बौद्ध धर्म से जुड़े होने के कारण ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है। भ्रमण के दौरान छात्र अपने शिक्षकों के साथ विभिन्न स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहे। भ्रमण में शामिल बच्चों में आलोक कुमार, कविता, रानी, नीतीश, माझी, श्रवण कुमार और मंगिया प्रमुख रूप से शामिल रहे। विशेष शिक्षक विजय कुमार पांडेय, संतोष पांडेय, ओमकार पांडेय और राजाराम दुबे भी उनके साथ उपस्थित रहे।

