देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वाधान में माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को दीवानी न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि यह प्रचार वाहन लोक अदालत की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि लोक अदालत सुलह और समझौते का प्रभावी माध्यम है, जहां आमजन अपने सुलहनीय वादों का निस्तारण सरलता एवं सहजता से करा सकते हैं। छोटे फौजदारी मामलों में आरोपी अपने अपराध स्वीकार कर वाद का त्वरित निस्तारण भी करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि “न्याय चला निर्धन के द्वार” की भावना को साकार करने हेतु इस प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को सस्ता, सरल एवं शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी दी जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित किए जाने वाले वादों की सूची भी जनसमुदाय तक पहुंचाई जा रही है।

