देवरिया। लार थाना क्षेत्र के इसरैली निवासी रामकृपाल की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना 5 दिसंबर की है, जब रामकृपाल अपने मौसेरे भाई के साथ बाइक से बिहार के गोहरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बभनौली गांव के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को लार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रामकृपाल की मृत्यु हो गई।
मृतक की पत्नी साबरमती की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

