जनपद न्यायालय में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर 65 वर्ष से कम आयु वाले सेवानिवृत्त कर्मियों की अस्थायी पुनर्नियुक्ति की जाएगी। यह नियुक्ति अधिकतम एक वर्ष तक या पद भरने अथवा आयु सीमा पूरी होने तक मान्य रहेगी। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार, पूर्व सेवा अभिलेख और गोपनीय प्रविष्टि के आधार पर होगी तथा अंतिम निर्णय उच्च न्यायालय की स्वीकृति से लिया जाएगा।
वेतन अंतिम आहरित वेतन में से पेंशन घटाकर निर्धारित किया जाएगा। आवेदन के साथ शपथ-पत्र देना आवश्यक है कि आवेदक पर कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही किसी अपराध में दोषसिद्धि हुई है। साथ ही दो साक्षर एवं सन्भ्रान्त व्यक्तियों के चरित्र प्रमाण-पत्र भी संलग्न करने होंगे।
नियुक्ति से पूर्व चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवरिया से स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में 22 दिसंबर 2025 शाम 5 बजे तक प्रशासनिक कार्यालय, जनपद न्यायालय देवरिया में जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। तृतीय श्रेणी के 93 और चतुर्थ श्रेणी के 29 पद रिक्त हैं।

