गोपालगंज जिले में नशाखुरानी गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। गुरुवार को थावे जंक्शन पर बेहोशी की हालत में मिले एक मजदूर को जीआरपी ने बरामद किया। मजदूर की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के पिपराही गांव निवासी राज किशोर पांडेय के रूप में हुई है। जीआरपी ने तुरंत उसे इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार, राज किशोर जम्मू-कश्मीर की एक मिल की फैक्ट्री में काम करते हैं और छुट्टी लेकर ट्रेन से घर लौट रहे थे। रास्ते में नशाखुरानी गिरोह के सदस्यों ने उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर करीब दस हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान छीन लिया। नशे के प्रभाव में वे थावे जंक्शन पर गिर पड़े, जहां उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया।

पहचान न होने पर जीआरपी ने पहले स्थानीय स्तर पर पता लगाने का प्रयास किया, बाद में पहचान होने पर परिजनों को सूचित किया गया। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में इलाज जारी है।

घटना के बाद थावे जीआरपी सतर्क हो गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।