गोपालगंज जिला कृषि कार्यालय परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा एवं माननीय विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार सुमन ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत किस्मों, कृषि यंत्रों और बेहतर उत्पादन पद्धतियों की जानकारी देना है, ताकि फसलों की उत्पादकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए प्रदर्शनी में विविध प्रकार के कृषि यंत्र, फल, फूल, सब्जी और जीवंत मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल किसानों के लिए उपयोगी जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, सिपाया के वैज्ञानिकों ने किसानों को तकनीकी जानकारियाँ दीं और फसल प्रबंधन, उर्वरक उपयोग, सिंचाई तकनीक तथा नवीन कृषि पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की।
मेला कार्यक्रम में कृषि विभाग अंतर्गत काम कर रहे जिला एवं प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी, प्रसार कर्मी तथा संबंधित विभागों के विशेषज्ञ मौजूद रहे। इनमें जिला कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक, विषय वस्तु विशेषज्ञ, जिला पशुपालन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, उद्यान पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (हथुआ एवं गोपालगंज), सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, उद्यान पदाधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार शामिल थे।
किसान मेले का उद्देश्य उन्नत कृषि को बढ़ावा देना और किसानों को नवीनतम तकनीक से जोड़ना है।
