भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर स्वदेशी संकल्प के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

बताया गया कि यह स्वदेशी अभियान श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से प्रारंभ होकर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरि ने जानकारी दी कि 11 और 12 दिसंबर को जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजार, कोचिंग संस्थान, चौक-चौराहों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पत्रक वितरण एवं संकल्प पत्र भरवाने का कार्य किया गया। इसके साथ ही 11 से 24 दिसंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंडल से लेकर बूथ स्तर तक घर-घर स्वदेशी अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर नव नियुक्त जिला प्रभारी दीपक सर्राफ का जिला भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में दीपक सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ स्वदेशी को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की है। उन्होंने बताया कि 13, 14 और 15 दिसंबर को स्वदेशी रथ के माध्यम से पदयात्रा निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं 16 से 24 दिसंबर तक प्रत्येक विधानसभा के 100 बूथों पर घर-घर संपर्क कर आत्मनिर्भर भारत से संबंधित साहित्य वितरित करने, संकल्प पत्र भरवाने और स्वदेशी स्टिकर लगाने का कार्य किया जाएगा।