देवरिया जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गठित पीएसपी (पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म) के सदस्य अब टीकाकरण अभियान को भी मजबूती दे रहे हैं। पीएसपी सदस्य बुधवार और शनिवार को आयोजित हो रहे टीका उत्सव में भाग लेकर टीकाकरण से वंचित बच्चों को टीके लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
टीका उत्सव के दौरान पीएसपी सदस्य घर-घर जाकर छूटे बच्चों के अभिभावकों को बुलावा पर्ची दे रहे हैं और टीकाकरण के महत्व को समझा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों को 12 गंभीर बीमारियों से बचाने वाले टीकों और फाइलेरिया जैसी बीमारी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। सत्रों में गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण और संतुलित आहार की सलाह भी दी जा रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के पथरदेवा, भटनी और भलुअनी ब्लॉकों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पीएसपी का गठन किया गया है। इसमें सीएचओ, एएनएम, ग्राम प्रधान, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वालेंटियर, फाइलेरिया मरीज और कोटेदार को शामिल किया गया है।
पीएसपी सदस्यों के सहयोग से वीएचएसएनडी सत्रों को टीका उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जहां फाइलेरिया की गंभीरता, लक्षण और बचाव की जानकारी दी जा रही है। सदस्यों द्वारा बताया गया कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है, जिससे साल में एक बार लगातार पांच साल दवा का सेवन कर बचाव संभव है।
