लार नगर के इंद्रानगर वार्ड में सिजेरियन ऑपरेशन के करीब डेढ़ माह बाद एक महिला की ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा (26) के रूप में हुई है, जिसकी शादी छह वर्ष पूर्व भाटपाररानी थाना क्षेत्र के दिसतौली गांव निवासी युवक से हुई थी।
परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले प्रसव पीड़ा होने पर पूजा को अस्पताल ले जाया गया था, जहां ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ। कुछ दिन बाद महिला को ब्रेन स्ट्रोक की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज कराया गया और ब्रेन की सर्जरी भी की गई।
इलाज के बाद पूजा अपने मायके आ गई थी। शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार और क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
