तरकुलवा थाना क्षेत्र के भिसवा–मुंडेरा मार्ग पर महुअवा बजराटार गांव के पास सोमवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार का दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी तरकुलवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी विशाल (30) और लक्ष्मण (35) एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से कोंहवलिया बाबूराय गांव रिश्तेदारी में आए थे। लौटते समय भिसवा–मुंडेरा मार्ग पर यह हादसा हुआ।
चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार ने बताया कि तीनों घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
