गोपालगंज। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एसपी अवधेश दीक्षित ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे 25 फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट सहित अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। एसपी अवधेश दीक्षित ने सभी फरियादियों की बातें गंभीरता से सुनीं और उनके आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

एसपी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और पुलिस व जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।