गोपालगंज। ठंड के मौसम को देखते हुए सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों को राहत देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। मरीजों को ठंड से बचाने के लिए सभी वार्डों में बेड के पास हीटर लगाए जाएंगे और कंबल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 150 कंबलों की खरीद की गई है। इसके साथ ही 36 हीटर भी लिए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगाया जाएगा। खासतौर पर इमरजेंसी वार्ड और महिला वार्ड में इस व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि ठंड के कारण मरीजों की हालत न बिगड़े।

मंगलवार को अस्पताल प्रबंधक जान मोहम्मद ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र प्रसाद के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा और सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। जरूरत पड़ने पर आगे और कंबल व हीटर की व्यवस्था भी की जाएगी।

अस्पताल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में इलाज के दौरान अब उन्हें काफी राहत मिलेगी।