गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के डोमाहाता गांव के पास मंगलवार को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक निजी स्कूल के शिक्षक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी शिक्षक को तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जख्मी की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धामापाकड़ गांव निवासी मोहम्मद आशिम के 38 वर्षीय बेटे साबिर अली के रूप में की गई है। बताया जाता है कि साबिर अली घर से स्कूल जा रहे थे, तभी रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनके शरीर पर चार जगह गंभीर जख्म आए हैं।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी शिक्षक को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, साबिर अली के सिर, पीठ, कंधे और छाती पर चाकू से वार किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।