गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत चनावे गांव के पास गुरुवार की तड़के घने कुहासे के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो बसों के ओवरटेक करने के दौरान एक बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
मृतक की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के सिहोरवा गांव निवासी कन्हैया चौधरी के 35 वर्षीय पुत्र पप्पू यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक मीरगंज से सिवान की ओर जा रहा था, वहीं सिवान से बेतिया की ओर दो बसें आ रही थीं। इसी दौरान एक बस चालक ने दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे आगे चल रही बस संतुलन खो बैठी और सीधे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का उपचार जारी है।
घायलों में पश्चिम चंपारण के नवतन निवासी विकास कुमार और उनकी पत्नी मनीषा कुमारी, गोपालगंज के शमसे आलम, सिवान जिले के छोटपुर हसनपुरा निवासी अब्दुल अजीज तथा थावे थाना क्षेत्र के थावे निवासी नइमुद्दीन शामिल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

