देवरिया।
उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मुस्कान प्रेरणा संकुल संघ, बैकुण्ठपुर (देवरिया सदर) सहित जनपद के विभिन्न विकास खंडों की स्वयं सहायता समूह सखियों की मांगों को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवरिया, उपायुक्त स्वतः रोजगार, खंड विकास अधिकारी देवरिया सदर सहित मिशन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान समूह सखियों द्वारा ड्रेस कोड निर्धारण व पहचान पत्र जारी करने, समय से मानदेय भुगतान, लोकोश एप पर कार्य के लिए अतिरिक्त धनराशि तथा ड्राई राशन उठान के भुगतान से संबंधित समस्याएं रखी गईं।
जिलाधिकारी ने ड्रेस कोड निर्धारण के संबंध में मिशन मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने तथा पहचान पत्र जारी कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया। समय से मानदेय भुगतान के मुद्दे पर मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि समूह सखियों एवं अन्य सामुदायिक कैडरों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा कर खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से पत्रावली प्राप्त कर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
लोकोश एप पर कार्य के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांग पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नीति के अनुसार मानदेय के अतिरिक्त कोई पृथक भुगतान देय नहीं है, हालांकि इस संबंध में प्रस्ताव मिशन मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए। ड्राई राशन उठान के भुगतान से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए मुख्यालय से शीघ्र पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा सभी समूह सखियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।

