देवरिया।
विकासखंड संसाधन केंद्र, गौरी बाजार में दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवरिया सदर विधायक श्री शलभ मणि त्रिपाठी ने की। शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम लिमिटेड (एलिम्को), कानपुर का सहयोग प्राप्त हुआ।
उपकरण वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाने से उनके दैनिक कार्य सुगम होंगे और शिक्षा में भी उन्हें सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से वितरित ये उपकरण बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके जीवन में खुशहाली लाने का कार्य करेंगे।
जिला समन्वयक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को पठन-पाठन से जोड़ा जाएगा, जिससे वे समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।
इस अवसर पर कुल 118 सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इनमें 10 बच्चों को ट्राई साइकिल, 20 को व्हीलचेयर, 14 को बैसाखी, 18 को कैलीपर, 4 को रोलेटर, 3 को वॉकिंग स्टिक, 2 को एल्बो क्रच, 10 को सीपी चेयर, 4 को ब्रेल किट, 18 को टीएलएम किट तथा 15 बच्चों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पेशल एजुकेटर श्री राजाराम दुबे, अभय सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही।

