जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिलाधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार देवरिया का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने ऐसे बंदियों के मामलों की समीक्षा की, जिन्होंने पूर्ण सजा के सापेक्ष आधी सजा से अधिक अवधि व्यतीत कर ली है तथा ऐसे बंदी जिनकी जमानत न्यायालय से हो चुकी है लेकिन जमानतदार के अभाव में कारागार में निरुद्ध हैं। इस संबंध में जिला कारागार अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा जारी एसओपी के अनुसार बैरकों, पाकशाला एवं चिकित्सालय का निरीक्षण कर बंदियों के भोजन, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा एवं विधिक सहायता की स्थिति की जानकारी ली और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी ने बंदियों की समस्याएं सुनीं और निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार की व्यवस्था, नियमित दवा उपलब्ध कराने तथा महिला कैदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बंदियों को विधिक सहायता एवं विधिक साक्षरता प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला कारागार अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ला, जेलर राजकुमार वर्मा, डिप्टी जेलर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, न्यायालय कर्मी एवं जेल वार्डन उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

