आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुखुन्दु में पीएसपी के सहयोग से फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी प्रशिक्षण
देवरिया, 22 दिसंबर। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत भलुअनी ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुखुन्दु में सीएचओ के नेतृत्व में गठित पीएसपी (पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म) के सहयोग से फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी (रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता निवारण) का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 12 हाथीपांव प्रभावित मरीजों को एमएमडीपी किट का वितरण किया गया, जिससे वे घर पर ही प्रभावित अंग की नियमित देखभाल कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान सीएचओ ने डेमो के माध्यम से प्रभावित अंग की साफ-सफाई, संक्रमण से बचाव और सूजन कम करने के उपाय बताए। पीएसपी सदस्य संगिनी, आशा एवं फाइलेरिया मरीजों ने व्यायाम कर व्यावहारिक तरीके से अभ्यास कराया। किट में शामिल साबुन, टॉवेल, एंटीसेप्टिक व अन्य सामग्री के उपयोग की विधि भी समझाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित के जोनल कोऑर्डिनेटर डॉ. नित्यानंद ने मरीजों से संवाद कर जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सही देखभाल, नियमित सफाई और व्यायाम से हाथीपांव में काफी राहत मिलती है। फाइलेरिया क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलता है और इसके लक्षण 5 से 15 वर्ष में उभर सकते हैं। समय पर पहचान और साल में एक बार लगातार पांच वर्ष दवा सेवन से इस बीमारी से बचाव संभव है।
पीएसपी सदस्य व सीएचओ गुंजन ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। नियमित देखभाल और उपचार से इसके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। एमएमडीपी किट मरीजों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्था सीफार व पाथ के जिला प्रतिनिधि, एमआई सीपी सिंह, पीएसपी सदस्य ग्राम प्रधान जयराम, एएनएम रिंकी, संगिनी राधिका, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फाइलेरिया मरीज, वालेंटियर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

