गोपालगंज: उत्पाद विभाग की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फैजुल्लापुर बांध के पास की गई, जहां से दोनों आरोपियों को धर दबोचा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के गंभारी गांव निवासी फूलचंद कुमार और उपेंद्र राय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 46 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फैजुल्लापुर बांध के पास बाइक से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

