स्थानीय कपरवार गांव में मंदिरों को निशाना बनाकर हो रही लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। मंगलवार की रात गांव के पूरब टोला स्थित रामजानकी मार्ग के पास स्थित देई माता मंदिर से चोर माता की मूर्ति के पैर में लगा पीतल का छागल चोरी कर ले गए। इससे एक दिन पूर्व गांव के ही सती माता मंदिर से पीतल का घंटा चोरी होने की बात भी सामने आई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की शाम नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का दरवाजा बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और मूर्ति के पैर का छागल गायब था। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। दो दिनों में लगातार मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं से लोग हतप्रभ हैं और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इन घटनाओं के पीछे स्थानीय अराजकतत्वों का हाथ हो सकता है। वहीं इस मामले में जब थाना स्तर पर जानकारी ली गई तो थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है और जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और ग्रामीण जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

