देवरिया:नवलपुर–लार बाईपास सड़क निर्माण फिर शुरू, फरवरी 2026 तक पूरा होने की उम्मीद
नवलपुर से लार होते हुए रामजानकी मार्ग को जोड़ने वाली बाईपास सड़क के निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। करीब नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण पर 19 करोड़ 11.42 लाख रुपये की लागत आ रही है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार फरवरी 2026 तक सड़क निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद इस मार्ग पर आवागमन सुगम हो जाएगा।
लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क का काम दोबारा शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। सड़क निर्माण को लेकर राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा था। सड़क की बदहाली के कारण लार बाईपास पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आती थीं और हादसे भी बढ़ गए थे।
शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर छह महीने पहले निर्माण कार्य शुरू कराया था, लेकिन बरसात के मौसम में सड़क पर दलदल होने से काम रोकना पड़ा। सड़क निर्माण फिर शुरू कराने को लेकर कुछ दिन पहले हिंदू युवा वाहिनी नेता अरुण सिंह ने सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं लार कस्बा निवासी आशीष तिवारी ने दो दिन पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से मिलकर तत्काल निर्माण की मांग की थी।
डीएम के निर्देश के बाद मंगलवार को विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को बुलाकर निर्माण कार्य फिर से शुरू करा दिया गया। क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क बनने के बाद आवागमन के साथ-साथ विकास को भी नई गति मिलेगी।

