मीरगंज थाना क्षेत्र के सबेया पुलिस पिकेट के समीप बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी मच गई।
मृतक की पहचान नालंदा जिले के रहुई-भागन बिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचासा गांव निवासी राजकुमार महतो के 27 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। बताया गया कि दीपक कुमार सीवान में रहकर ट्रक चलाने का काम करता था और बुधवार की सुबह सीमेंट की बोरियों से लदा ट्रक लेकर जा रहा था।
सबेया पुलिस पिकेट के पास ट्रक के चक्के में गिट्टी फंसी होने का आभास होने पर उसने सड़क किनारे वाहन खड़ा किया और नीचे उतरकर चक्का साफ करने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, युवक की असमय मौत की खबर गांव पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मृतक अविवाहित था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच जारी है।
