थावे दुर्गा मंदिर परिसर में बुधवार की देर रात पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने मंदिर के आगे-पीछे और चारों दिशाओं में भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया और मंदिर की सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवानों से आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने बताया कि थावे दुर्गा मंदिर की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। मंदिर परिसर में तैनात बीएमपी के जवानों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे हर घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि हाल में मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। सैप जवानों को हटाए जाने के बाद अब मंदिर परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के समय अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।