बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को गोपालगंज समाहरणालय में आयोजित बैठक में दोनों विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कई अहम बिंदुओं पर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने सबसे पहले ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का सख्त निर्देश दिया। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभुकों को किसी भी स्थिति में समय पर आवास का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
समीक्षा के दौरान मनरेगा अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति, मानव दिवस सृजन, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिया कि मनरेगा में कार्य की मांग मिलते ही उसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
परिवहन विभाग को राजस्व संग्रहण में सुधार के निर्देश
परिवहन विभाग की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने राजस्व संग्रहण की स्थिति पर चर्चा की और इसमें अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार चौबे, बरौली विधायक मंजीत कुमार सिंह, हथुआ विधायक रामसेवक सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
