रेलवे स्टेशन के 115 नंबर ढाले पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में तेजी आने के कारण भटनी के प्रमुख सड़क मार्ग भरथुआ–भटनी बाईपास रोड से गुजरने वाले यूपी–बिहार के यात्रियों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। बाईपास रोड पर स्थित पूर्वी संपार संख्या–115 स्पेशल पर रेल उपरगामी सेतु निर्माण कार्य के चलते यह ढाला 20 दिसंबर से अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
ढाला बंद होने से देवरिया की ओर से आने वाले वाहनों को नूरीगंज बाजार होते हुए बनकटाशिव से अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ रहा है, जबकि कुछ वाहन नकहनी चौराहे से भरहेचौरा होकर भाटपाररानी की तरफ मोड़े जा रहे हैं। वहीं भरथुआ, पीलकोल, खुखुंदू और बैकुंठपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ढाले के पास जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को काफी समय लग जाता है।
इस पूरी व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उपजिलाधिकारी सलेमपुर द्वारा सीओ भाटपाररानी–भटनी पुलिस को अवगत कराया गया है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई प्वाइंट्स पर पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आती। साथ ही 115 नंबर रेलवे संपार बंद होने की सूचना के लिए किसी भी मोड़ पर स्पष्ट संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालक सीधे बंद ढाले तक पहुंच जाते हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि डाइवर्जन रूट के संकेतक सभी प्रमुख मोड़ों पर लगाए जाएं और पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने के साथ यात्रियों को राहत मिल सके।
