गोपालगंज:
जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के नरहवा शुक्ल गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान पड़ोसियों द्वारा लाठी-डंडे से किए गए हमले में मां-बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। घायलों को रेफर किए जाने के बाद सदर अस्पताल गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार नरहवा शुक्ल गांव निवासी संगीता देवी की जमीन पर पड़ोस के लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसका विरोध करने पहुंचीं संगीता देवी और उनकी पुत्री मनीषा कुमारी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को पहले कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
