गोपालगंज:शहर में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की पुलिस ने 120 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर क्षेत्र के आरार मोड़ के पास ओवरब्रिज के नीचे की गई।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के हरपुर टेंगराही गांव का निवासी दीपक कुमार है। आरोपी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली, जिसमें 120 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई।

बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और कार को भी जब्त कर लिया गया। उत्पाद विभाग की पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।

पुलिस ने बताया कि शराबबंदी कानून के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।