मांझागढ़ (गोपालगंज) :
मांझागढ़ पुलिस ने शराबबंदी को प्रभावी बनाने के क्रम में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब के साथ तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कोइनी गांव निवासी मिठू यादव के पुत्र संतोष यादव, भूखल यादव के पुत्र संतु कुमार तथा रसीद मियां के पुत्र साबिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के ठिकानों से बंटी-बबली शराब एवं देशी शराब समेत करीब 200 लीटर अवैध शराब बरामद की। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों को थाना लाकर गहन पूछताछ की। पूछताछ के उपरांत उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शनिवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में मांझागढ़ थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल थी। मौके पर एएसआई मुन्ना कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
