खुखुंदू थाना क्षेत्र के नरौली खेम गांव की एक महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ शहर में रहने और गांव की जमीन बेचने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के शिकायती पत्र पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नरौली खेम गांव निवासी रीना देवी का आरोप है कि पति शंभूनाथ प्रसाद ने 13 साल पहले उससे शादी की थी, लेकिन पहले से ही वह एक अन्य महिला को शहर में रखे हुए है। रीना देवी तीन बच्चों और बुजुर्ग सास के साथ गांव में रहती है। आरोप है कि पति को नशा और जुए की लत है और वह धीरे-धीरे गांव की जमीन बेचकर रुपये दूसरी महिला को दे रहा है।
पीड़िता का कहना है कि अब केवल दो कट्ठा जमीन बची है, जिसे बेचने के लिए भी पति ने एडवांस ले लिया है। रविवार को उसने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

