मईल क्षेत्र के भागलपुर ब्लॉक अंतर्गत नरियांव गांव में काले बंदरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। स्थिति यह है कि लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग को सूचना देने के बावजूद रविवार शाम तक कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में सैकड़ों की संख्या में बंदर हैं, जो ट्रॉली-ट्रैक्टर, बाइक और पैदल चलने वालों पर हमला कर रहे हैं। शनिवार को महेश कुशवाहा उर्फ मंटू और सत्येंद्र गोंड उर्फ रामचेला पर बंदरों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का इलाज पीएचसी भागलपुर में कराया गया।
बंदरों के डर से बच्चे घरों में कैद हैं और बाइक सवार गांव में वाहन बाहर खड़ा कर पैदल प्रवेश कर रहे हैं। ग्राम प्रधान पूनम देवी सहित ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

