पैकौली क्षेत्र के सुरौली थाना अंतर्गत मोहनी देई गांव निवासी 18 वर्षीय अजीत गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई। अजीत 20 दिसंबर की रात रुद्रपुर रोड स्थित मंगरु चौराहा पर सामान खरीदने के बाद सड़क पार कर रहा था, तभी बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
परिजन उसे इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे, जहां शनिवार की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को शव देवरिया लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय ही बाइक चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। उसके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद हुई थी, जिसके बाद आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

