गोपालगंज: थावे थाना क्षेत्र के जगमलवा गांव के समीप पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी शरीफ साई फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की जींस की जेब से सोने के मुकुट के 11 टूटे हुए टुकड़े बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि थावे दुर्गा मंदिर चोरी कांड में शामिल अपराधी थावे–केशोपुर रोड पर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और खोखे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने मंदिर चोरी की घटना में शरीफ साई, उसके भाई गुड़न साई सहित अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। इस मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

