गोपालगंज: जिले के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर से आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने बरामदगी के लिए अभियान तेज कर दिया है। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चौथे फरार आरोपी शरीफ साई की तलाश जारी है।
रविवार को लाइन डीएसपी सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के अरार वार्ड संख्या 28 स्थित फरार आरोपी के घर पर करीब चार घंटे तक सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान मेटल डिटेक्टर मशीन की मदद से घर और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। पुलिस को तलाशी के दौरान चोरी से जुड़े कुछ संदिग्ध सामान मिले हैं, हालांकि मंदिर से चोरी हुए मुख्य आभूषण या उनके बड़े हिस्से अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर को थावे दुर्गा मंदिर परिसर से देवी के कीमती आभूषण चोरी किए गए थे। जांच में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी गए आभूषणों की पूरी बरामदगी और पूरे गिरोह का खुलासा संभव हो सकेगा।

