जनपद Deoria में सलेमपुर–लार मार्ग के लार बाईपास हिस्से में सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते 30 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह जानकारी लोक निर्माण विभाग, देवरिया के अधिशासी अभियंता द्वारा दी गई।
उन्होंने बताया कि शासनादेश दिनांक 20 नवंबर 2024 के तहत सलेमपुर–लार एवं लार बाईपास मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। इस क्रम में चैनेज 7.300 से 9.300 (लार बाईपास) तक सड़क को डिस्मेंटल कर ऊँचीकरण का कार्य कराया जाना है।
निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से निर्धारित अवधि में इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आमजन की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में रामजानकी मार्ग, लार टाउन मार्ग तथा शहीद कैप्टन आयुष्मान सिंह मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और निर्माण कार्य में सहयोग प्रदान करें।

