मेहरौनाघाट/लार:
लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के पास सरयू नदी में रविवार देर शाम किसानों को लेकर आ रही एक छोटी नाव (डेंगी) पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि नदी किनारे मौजूद मछुआरों और चरवाहों ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाव में क्षमता से अधिक लोग और सामान लदा हुआ था। खेतों से घास और लकड़ी लेकर लौट रहे विकास, प्रमोद, राकेश सहित अन्य लोग नदी पार कर रहे थे, तभी नाव भंवर में फंसकर असंतुलित हो गई और पलट गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कर सभी की जान बचा ली।
घटना के बाद दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों ने चुरिया घाट पर पीपा पुल निर्माण की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि नाव ही नदी पार करने का एकमात्र साधन है और ओवरलोड नावों से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षित आवागमन के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

