गोपालगंज :
नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर गोपालगंज जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल है। वर्ष 2025 को विदाई देने और नए साल का स्वागत करने के लिए जिलेभर में तैयारियां जोरों पर हैं। युवा वर्ग पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर घूमने-फिरने की योजना बना रहा है, जबकि बुजुर्ग और श्रद्धालु धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर नववर्ष की शुरुआत करना चाहते हैं। इसी क्रम में जिले के कई स्थान नववर्ष पर प्रमुख पिकनिक और पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
नववर्ष पर श्रद्धालुओं की पहली पसंद ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर बना हुआ है। मां सिंहासिनी के दर्शन के लिए नववर्ष के पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यूपी, बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्त थावे पहुंचेंगे। प्रशासन ने संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। थावे मंदिर के साथ उसका घना जंगल और प्राकृतिक वातावरण सैलानियों को खासा आकर्षित करेगा।
हथुआ में भी रहेगा सैलानियों का जमावड़ा
नववर्ष पर हथुआ क्षेत्र के भी सैलानियों से गुलजार रहने की उम्मीद है। हथुआ का ऐतिहासिक गोपाल मंदिर, शीश महल और पुराना किला जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। नववर्ष के अवसर पर जिले के कोने-कोने से लोग परिवार और मित्रों के साथ हथुआ पहुंचेंगे। पूजा-अर्चना के साथ पिकनिक मनाई जाएगी और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया जाएगा। सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हथुआ क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।

