शहर के अरार वार्ड संख्या 28 में चोरी के मामले में फरार चल रहे बदमाश शरीफ आलम उर्फ शरीफ साईं के घर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की है। नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 11 करोड़ रुपये मूल्य की दो अष्टधातु की मूर्तियां बरामद की हैं। इसके साथ ही एक देसी कट्टा, दो हैंड कटर, लोहे की मशीन, बिजली का तार, सिलाई मशीन, सिलाई मशीन का प्लाई फ्रेम, दो पायदान, सिलेंडर, गैस चूल्हा, स्टैंड पंखा सहित कई अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद मूर्तियों में एक का वजन 3.56 किलोग्राम और दूसरे का 3.580 किलोग्राम है, जबकि मूर्तियां रखने वाले तीन स्टैंड का कुल वजन 2.40 किलोग्राम बताया गया है। हालांकि, मूर्तियों का आधिकारिक मूल्यांकन अभी जारी है। मामले में फरार आरोपी शरीफ साईं की मां मदीना खातून और पत्नी शब्बा खातून को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नगर थाने में अपर थानाध्यक्ष मो. जफरुद्दीन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस टीम में सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, राखी कुमारी, यशवंत सिंह, एएसआई संजय कुमार सिंह, पीटीसी सत्येंद्र कुमार सिंह, गृह रक्षक बलिंदर पासवान, उगम चौधरी और रीता कुमारी शामिल थे। छापेमारी के दौरान घर के पीछे से तीन युवक फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
तलाशी में ट्रंक से मिलीं मूर्तियां
तलाशी के दौरान ट्रंक में छिपाकर रखी गई अष्टधातु की मूर्तियां और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने खेत-खलिहान में भी मेटल डिटेक्टर से खोजबीन शुरू की है। इस मामले में शरीफ साईं, उसके भाई चांद साईं, गुड्डन साईं, मां मदीना खातून और पत्नी शब्बा खातून के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तीसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई
नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में तीसरे दिन भी तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक का लोहा भी बरामद किया गया। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि मामले में आरपीएफ की जांच भी चल रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी व तकनीकी अनुसंधान जारी है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद और भी चोरी की वस्तुओं की बरामदगी संभव होगी।

