नगर थाना क्षेत्र के एकडेरवा गांव में पुलिस ने सोमवार को छापेमारी कर एक खेत से 125 लीटर अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की खेप को जब्त कर नगर थाना लाया गया है। इस दौरान पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक यूपी से शराब लाकर एकडेरवा गांव स्थित खेत में छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेत में छापेमारी की, जहां से 125 लीटर शराब बरामद की गई।
पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

