गोपालगंज:शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर परिषद गोपालगंज कार्यालय परिसर में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद के सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने की। बैठक में उपसभापति, वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सबसे अहम निर्णय के तहत बड़ी बाजार स्थित नगर परिषद की जर्जर मार्केट को ध्वस्त कर वहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। वहीं, अस्पताल चौक के समीप स्थित गुमटी नुमा दुकानों को हटाकर उनके स्थान पर पक्की दुकानों के निर्माण का भी निर्णय लिया गया, ताकि बाजार व्यवस्था में सुधार हो सके।
सभापति हरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नए वर्ष में नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर के बीच आकर्षक डेकोरेटिव पोल लाइट लगाने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे रात्रि में शहर की सुंदरता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित होंगी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा तथा नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि अव्यवस्थित रूप से लगने वाले फुटपाथी दुकानदारों को चिन्हित भूमि पर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इसके अलावा जलापूर्ति, नाली निर्माण और सड़क मरम्मत सहित अन्य विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों से शहर के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

