देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत श्रीरामपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 80 पेटी अवैध देशी शराब (कुल 720 लीटर) के साथ एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन एवं दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 31 दिसंबर 2025 को हाता बाजार के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। जांच में स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP20AM0020 के आगे-पीछे लगी फर्जी नंबर प्लेट BR26L4544 पाई गई, जिससे बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि पुत्र रामनरेश प्रसाद निवासी रूकड्डीपुर, थाना दरौंदा, जनपद सिवान (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.10 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।

