खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव से चार दिन पहले घर छोड़कर गए प्रेमी-प्रेमिका के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रेमिका के बयान बदलने के बाद पुलिस ने प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों पर पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं। इसी बीच चार दिन पहले प्रेमी-प्रेमिका घर छोड़कर कहीं चले गए। दोनों के परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद प्रेमिका के पिता ने थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, तीन दिन बाद दोहनी चौराहे से दोनों को बरामद कर लिया गया।
थाने पहुंचने के बाद प्रेमिका ने अपने प्रेमी के खिलाफ बयान देते हुए आरोप लगाया कि युवक उसे जबरन भगा ले गया था। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रेमिका के बयान के आधार पर युवक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
मामले की आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

